- डिपोर्ट करने के लिए दिल्ली भेजा, मोबाइल कंपनी में करते थे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। वीजा समाप्त होने के बाद अवैध रूप से रह रहे चीन के तीन नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने तीनों को डिपोर्ट करने के लिए दिल्ली भेज दिया है। जिले में चल रहे सुरक्षा अभियान के तहत शुक्रवार को रबूपुरा पुलिस, फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) टीम व स्वॉट टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान वू जिंगाबो, चेन चाउ और पेंग शाओ को हिरासत में लिया। तीनों मोबाइल कंपनी के लिए निर्माण कार्य कर रही वेंडर कंपनी में कंस्ट्रक्शन इंजीनियर थे।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को वीवो कंपनी के पास स्थित खेरली भाव गांव में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चीन के तीन नागरिकों वू जिंगाबो, चेन चाउ और पेंग शाओ को रोका गया। तीनों के वीजा की वैधता करीब छह माह पहले समाप्त हो गई थी। रबूपुरा पुलिस ने तुरंत तीनों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल जेवर भेजा। चिकित्सा जांच के बाद एफआरआरओ टीम ने इन्हें लामपुर दिल्ली स्थित सेवा सदन में भेजने की प्रक्रिया शुरू की। डिपोर्टेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए संबंधित दूतावास को मामले की जानकारी दे दी गई है।
एडीसीपी ग्रेनो अशोक कुमार के मुताबिक कार्रवाई जिले में चल रहे अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। पुलिस ने क्षेत्र में रह रहे अन्य विदेशियों के वीजा की वैधता की जांच के लिए भी सघन अभियान चलाने की बात कही है। अधिकारियों का मानना है अभियान जिले में अवैध गतिविधियों को रोकने में प्रभावी साबित होगा।