नोएडा। सेक्टर-24 पुलिस ने ऐसे गिरोह के तीन चोरों को गिरफ्तार किया है जो यात्री बनकर मेट्रो, बस व ऑटो में मोबाइल और पर्स चुराते थे। पुलिस ने आरोपियों से चोरी के 11 मोबाइल और तीन पर्स बरामद किए हैं। आरोपी 20 हजार के मोबाइल को तीन हजार और 10 हजार के मोबाइल को एक हजार रुपये में बेच देते थे। अब तक 35 से अधिक मोबाइल आरोपी बेच चुके हैं।
थानाध्यक्ष प्रभात दीक्षित ने बताया कि शुक्रवार रात को पुलिस सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास तैनात थी। उसी समय तीन युवक मेट्रो से उतरे और एक पुलिसकर्मी ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी ली तो उनसे 5 मोबाइल बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मेट्रो में मोबाइल चुराए हैं। एक दिन पहले ही 6 और मोबाइल चुराए थे।
घटना को अंजाम देने के बाद मोरना गांव में किराये के कमरे में जाते थे और मोबाइल को बंद करके रख देते थे। 15 से 20 मोबाइल होने पर दिल्ली की मोबाइल मार्केट में बेच आते थे। आरोपियों की पहचान दिल्ली सीमापुरी निवासी गुल फराज व दानिश और गाजियाबाद के भोपुरा राम विहार निवासी कृपाल के रूप में हुई है। आरोपी ऑटो, बस और मेट्रो में यात्री बनकर सवार होते थे और लोगों की जेब से मोबाइल व पर्स को मौका पाकर चुरा लेते थे। इसके बाद एक-एक करके दूसरे को सामान थमा देते थे।
सफर करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- ऑटो में सफर करते समय अपने मोबाइल व पर्स को पास रखें
- बस में उतरते हुए और चढ़ते समय मोबाइल-पर्स का ध्यान रखें
- मेट्रो में भीड़भाड़ होते समय हाथ में रखे मोबाइल और पर्स को भी आगे की जेब में रखें
पुलिस ने चोर गिरोह के तीन बदमाशाें को दबोचा है। गिरोह में 13 युवक हैं। आरोपियों से मिली जानकारी के बाद अन्य बदमाशों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - रजनीश वर्मा, एसीपी द्वितीय नोएडा जोन