ग्रेटर नोएडा/दादरी। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव गिरधरपुर में प्लॉट के लिए रास्ते के विवाद में करीब 11 माह पहले दोहरे हत्याकांड के चश्मदीद बुजुर्ग की बृहस्पतिवार को तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना की तहरीर देर रात तक नहीं दी गई थी, लेकिन दोहरे हत्याकांड से ही इस वारदात को जोड़कर पुलिस जांच कर रही है। आठ आरोपी जेल में हैं। ऐसे में सुपारी देकर वारदात की आशंका है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। वहीं, फोरेंसिक व अन्य टीमों ने भी जांच पड़ताल की।
पुलिस ने अनुसार, प्रेम सिंह (62) शाम करीब चार बजे खेत से घर जा रहे थे। इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें तीन गोलियां मार दीं। प्रेम सिंह को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर डाक्टरों नेे उन्हें मृत घोषित कर दिया। 8 फरवरी को सुरेश व अमित की हत्या कर दी गई थी। प्रेम सिंह इन दोनों के चाचा थे। परिजनों का आरोप है कि गिरधरपुर में चचेरे भाइयों सुरेश व अमित की हत्या के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को धमकी दी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों के कार्यालयों में पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन केवल आश्वासन मिलता रहा। दोहरे हत्याकांड के बाद पांच भाई देवेंद्र सिंह, सतेंद्र, रविंद्र, धर्मेेंद्र व जितेंद्र और अमरजीत, महीपाल व भाई समेत दस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसमें आठ आरोपी जेल में हैं।
दोहरे हत्याकांड के आरोपियों के तीन शस्त्रों के लाइसेंस निरस्त किए गए थे। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी। प्रेस सिंह की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
- हरीश चंदर, डीसीपी सेंट्रल नोएडा