विदेशी नंबर से धमकी, फेक इंस्टा आईडी बनाकर बदनाम करने का आरोप
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले युवक को विदेशी नंबर से धमकी भरे संदेश भेजने और उसकी फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर बदनाम करने का मामला सामने आया है।
कोंडली बांगर गांव सेक्टर-149 में रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि विदेशी नंबर से उन्हें पिछले कुछ दिनों से लगातार भद्दे, अपमानजनक और धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश भेजे जा रहे हैं। आरोपी द्वारा उनके नाम व फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाए गए हैं। 6 फरवरी 2025 से आरोपी ने व्हाट्सएप पर अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देना शुरू किया। इसके बाद फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़ित की तस्वीर लगाई गई और उस पर बेहद आपत्तिजनक तथा अश्लील स्टेटस पोस्ट किए गए। आरोपी न सिर्फ उनके खिलाफ गलत जानकारी फैला रहा है, बल्कि उनकी मोबाइल संपर्क सूची में मौजूद लोगों तक भी भ्रामक संदेश पहुंचा रहा है। जिससे उनकी सामाजिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है। आरोपी उनकी गतिविधियों पर नजर रखकर उन्हें लगातार डराने का प्रयास कर रहा है। आरोपी ने दूसरी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उनके परिवार को भी निशाना बनाया। इस आईडी से पीड़ित की पत्नी और परिवार के सदस्यों के बारे में अत्यंत भद्दी, आपत्तिजनक और चरित्रहनन वाली बातें लिखकर भेजी गईं। कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि केस दर्ज कर जांच शुरू की है। ब्यूरो