संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। रंजीत सागर डैम से रावी दरिया में हजारों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। मौसम विभाग की एडवाइजरी के मुताबिक आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्र और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके चलते रावी दरिया में रंजीत सागर डैम से पहले ही पानी छोड़ा जा रहा है।
रविवार को कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र कोलियां अड्डे में पहुंच रावी दरिया में बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि लोगों काे घबराने की जरूरत नहीं है। स्थिति कंट्रोल में ही है। बता दें कि अगस्त में आई बाढ़ ने पूरे पंजाब समेत पठानकोट में भी भारी नुकसान पहुंचाया था। तब रंजीत सागर डैम से पानी खतरे के निशान पर पहुंचने के बाद एकदम लाखों क्यूसेक पानी रावी दरिया में छोड़ा गया था जिससे माझा जोन में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। अब डैम प्रशासन ने करीब 4 दिन से थोड़ा-थोड़ा पानी डैम से छोड़ना शुरू कर दिया है।