दोपहिया वाहन चोरी में नाबालिग समेत चार पकड़े
- चोरी की गईं दो स्कूटी और बाइक बरामद, सेक्टर-63 थाना पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। वाहन चोरी के आरोप में सेक्टर-63 थाना पुलिस ने नाबालिग समेत चार आरोपी पकड़े हैं। इनके पास से चोरी की दो स्कूटी, एक बाइक और हथियार बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपी सी ब्लॉक में सर्विस रोड पर आने वाले हैं। सूचना को पुख्ता कर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। इनकी पहचान एटा के कासौन गांव निवासी आशिक अली और गोरखपुर के भिटा राम सैन निवासी अंकुश चौधरी के रूप में हुई। आशिक नोएडा में सेक्टर-63ए में और अंकुश होशियारपुर गांव में रहता है। दोनों के पास से चोरी की एक बाइक बरामद हुई है।
वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत दो लोगों को पकड़ा है। बालिग आरोपी की पहचान नितिन के रूप में हुई है, जबकि नाबालिग आरोपी की उम्र महज 15 वर्ष है। दोनों के पास से दो स्कूटी और हथियार मिला। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर बाल सुधार गृह भेजा।