बकरीद, गंगा दशहरा व योग दिवस पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
-ढाई हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती, रखेंगे चप्पे-चप्पे पर नजर, ड्रोन व सीसीटीवी से भी निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बकरीद, गंगा दशहरा और विश्व योग दिवस पर जिले में ढाई हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। जो चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगे। कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी धर्म गुरुओं के साथ पुलिस अधिकारी मीटिंग कर रहे हैं।
अराजकता फैलाने वाले तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीम बनाई गई है। टीम सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले कमेंट, पोस्ट और वीडियो की निगरानी करेगी। अगर किसी ने माहौल खराब करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सर्विलांस के जरिए सभी जगहों पर नजर रखी जाएगी। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में ड्रोन से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरि मीणा ने बताया कि रविवार को गंगा दशहरा, सोमवार को बकरीद और 21 जून को विश्व योग दिवस का कार्यक्रम होना है। इस दौरान शांति और व्यवस्था कायम रखने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। सुरक्षा के लिहाज से जनपद में कुल 2500 पुलिसकर्मियों में 568 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल होंगी। सुरक्षा का जिम्मा जोन के डीसीपी समेत अन्य अधिकारियों का होगा। अलग-अलग जगहों पर फुट पेट्रोलिंग की जाएगी। सादे कपड़े में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी।