दनकौर में दीवार गिरने से घायल बच्चा।
- फोटो : Grnoida
दनकौर। कस्बे में एक मकान की दीवार लगातार बारिश से रविवार तड़के भरभराकर गिर गई। इससे चारपाई पर लेटे तीन बच्चे मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद मलबे के ढेर से बाहर निकाला। तीनों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। जबकि दो बच्चों को घर भेज दिया गया है। वहीं, सूचना पर पहुंचे राजस्व अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को मदद का आश्वासन दिया है।
पुलिस के अनुसार, सगीर खान पत्नी रुबीना, बेटे फरहान (2), बेटी तानिया (5) व सानिया (7) के साथ रहता है। उसका मकान जर्जर अवस्था में था। मकान की छत को भी उसने त्रिपाल से ढका हुआ था। कई दिनों से हो रही बारिश से मकान की दीवारें और जर्जर हो गई थीं। तड़के अचानक एक दीवार गिर गई। हादसे के समय चारपाई पर तीनों बच्चे लेटे हुए थे, जबकि दंपती घर के बाहर खड़े थे। दोनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद बच्चों को बाहर निकाला गया। बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां तानिया की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
----------
दनकौर में मकान की दीवार गिरने से बच्चों के घायल होने की सूचना मिली है। तहसीलदार की टीम को मौके पर जाकर जांच करने के लिए कहा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- प्रसून द्विवेदी, एसडीएम सदर
-----------
पीएम आवास योजना से घर के लिए एक साल पहले किया था आवेदन
पीड़ित का कहना है कि उसने करीब एक साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान के लिए आवेदन किया था। आवेदन के बाद उसके मकान बनाने के लिए पहली किस्त पिता के बैंक खाते में आ गई थी, लेकिन पिता की मौत हो गई जिससे बैंक खाते से रकम नहीं निकल सकी। आरोप है कि उसने नगर पंचायत कार्यालय में अधिकारियों से पिता के खाते से अपने खाते में रकम स्थानांतरित करने की गुहार लगाई, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से रकम नहीं निकाल सके। इससे उसका मकान नहीं बन सका है।