नोएडा। सेक्टर-168 स्थित एक निजी स्कूल की अध्यापिका की बुधवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। हालांकि, आठ दिनों से अध्यापिका अवकाश पर थीं, इसलिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूल को सील नहीं किया गया है। 84 वर्षीय कोरोना पीड़ित मां के संपर्क में आने के बाद अध्यापिका को संक्रमण हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा स्थित नर्मदा आनंदाश्रय सोसाइटी निवासी 45 वर्षीय अध्यापिका के पूरे परिवार ने करीब दस दिन पहले कोरोना जांच कराई थी। इस दौरान उनकी मां संक्रमित मिली थीं, जिन्हें सेक्टर-39 स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अध्यापिका अपनी मां के संपर्क में थी। दो-तीन दिन से हल्के लक्षण दिखने पर मंगलवार को उन्होंने नोएडा के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आरटी-पीसीआर जांच कराई थी। बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अध्यापिका को होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि आठ दिनों से अध्यापिका स्कूल से छुट्टी पर चल रही थी, इसलिए स्कूल को सील नहीं किया गया है। एहतियात बरतते हुए स्कूल प्रशासन को सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अध्यापिका के संपर्क में आए लोगों की जांच के लिए कहा गया है।
सक्रिय मामलों में जिला सबसे आगे
कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों के मामले में जिला प्रदेश में सबसे आगे चल रहा है। बुधवार को जिले में एक संक्रमित मरीज मिला है, जबकि स्वस्थ होने वालों की संख्या दो रही। जिले में 18 सक्रिय मरीज दर्ज किए गए। अब तक 62925 लोग कोरोना से स्वस्थ हो चुके हैं।
6318 लोगों को लगी वैक्सीन
जिले के 24 सरकारी केंद्रों पर बुधवार को 6318 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई। जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि 1806 लोगों को पहली और 4512 लोगों को दूसरी डोज लगाई गई। जिला अस्पताल में रात 10 बजे तक टीकाकरण की प्रक्रिया जारी है। लोग स्लॉट बुक कराकर टीका लगवा सकते हैं।