सेक्टर-51 के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम
नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर में सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सेक्टर-51 स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, होशियारपुर में जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम हुआ। इसमें परिवहन विभाग ने भी सहयोग किया। इसमें भाषण, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और लघु नाटक जैसी प्रतियोगिताएं हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. उदित नारायण पांडे और विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपा भाटी ने किया। प्रधानाचार्य ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी।
70 से ज्यादा छात्रों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिताओं में जिले के 50 से अधिक विद्यालयों के 70 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भाषण, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में डीपीएस नोएडा के छात्र-छात्राओं ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लघु नाटिका प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, होशियारपुर की छात्राओं ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को परिवहन विभाग की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। डॉ. उदित नारायण पांडे ने छात्र-छात्राओं से सड़क सुरक्षा नियमों का स्वयं पालन करने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।