- सेंट्रल वर्ज को कम कर बनाई जाएगी दो अतिरिक्त लेन, नोएडा, ग्रेनो वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड से ईपीई तक पहुंचना होगा आसान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) होकर पलवल, गाजियाबाद, अलीगढ़ की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी। इसके लिए सिरसा रोटरी से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की एंट्री तक सड़क चौड़ी होगी। मौजूदा चार लेन की सड़क छह लेन चौड़ी होगी। इसकी अनुमानित लागत 7.12 करोड़ है।
अधिकारियों के मुताबिक 130 मीटर रोड का ईपीई तक निर्माण अधूरा है। सिरसा के बाद आगे जहां सड़क नहीं बन सकी है। वहीं इंटरचेंज नहीं होने की वजह से ईकोटेक-1 के आगे बने इंटरचेंज का उपयोग कर एक्सप्रेसवे तक वाहन इसी रोड से पहुंचते हैं। भारी वाहनों की भी आवाजाही इस सड़क से होने की वजह से ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। ऐसे में इसे भारी वाहनों की भी जरूरत के मुताबिक बनाया जाएगा। वहीं सेंट्रल वर्ज को कम कर दो अतिरिक्त लेन यहां बनाई जाएंगी।
सीईओ एनजी रवि कुमार के आदेश के बाद अब परियोजना विभाग ने एजेंसी की तलाश भी इस सड़क को बनाने के लिए कर दी है। अगले महीने तक एजेंसी तय हो जाएगी जिससे काम शुरू हो सके। जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह के मुताबिक छह महीने में यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी।
इन इलाकों को होगा फायदा
ग्रेटर नोएडा के अल्फा, डेल्टा, गामा, ईटा के अलावा ओमिक्रॉन, डाढ़ा, स्वर्णनगरी, कासना, सिरसा आदि से आने वाले वाहनों को फायदा होगा। इसके अलावा 130 मीटर रोड से होकर ग्रेनो वेस्ट और नोएडा के वाहन भी आसानी से यहां से निकल सकेंगे। केवल निजी वाहन ही नहीं माल ढ़ुलाई में लगे ट्रक भी बिना जाम में फंसे यहां से गुजर सकेंगे।