पानी का कनेक्शन कटने का डर दिखाकर 3.39 लाख की ठगी
साइबर जालसाज ने खुद को दिल्ली जल बोर्ड कर्मचारी बताकर किया फोन
मीटर रीडिंग अपडेट कराने के बहाने हैक किया मोबाइल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाज ने दिल्ली जल बोर्ड का कर्मचारी बनकर कॉल की और फिर पानी का कनेक्शन कटने का डर दिखाकर झांसे में लिया। मीटर रीडिंग तत्काल अपग्रेड कराने के बहाने रिमोट एप के जरिए मोबाइल हैक कर 3.39 लाख की ठगी कर ली।
सेक्टर-128 जेपी विशटाउन सोसाइटी निवासी पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सेक्टर-126 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया है उनका अस्थायी पता दिल्ली के त्रिलोकपुरी का भी है। 2 मई को मैसेज आया। दिल्ली जल बोर्ड से बताकर पानी के मीटर की रीडिंग अपडेट करने की जरूरत बताई। इसके लिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा गया। ऐसा न करने पर पानी कनेक्शन कटने की जानकारी दी गई। शिकायतकर्ता ने दिए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली जल बोर्ड का कर्मचारी बताया और मोबाइल में एप डाउनलोड करने के लिए कहा। आरोप है कि जैसे ही एप इंस्टॉल किया गया, मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके तुरंत बाद बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से कई ट्रांजेक्शन होने लगे। आईसीआईसीआई बैंक खाते से करीब 65 हजार रुपये निकाल लिए गए, जबकि क्रेडिट कार्ड के जरिए लगभग 2 लाख 74 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर किया गया। इसके अलावा कई अन्य असफल ट्रांजेक्शन के मैसेज भी पीड़ित को मिले। ठगी का पता चलते ही वीरेंद्र ने बैंक से संपर्क कर खाते और कार्ड को ब्लॉक कराया। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सेक्टर-126 थाने में आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है।