-5 राउंड आयोजित होंगे छात्रों को सीट आवंटित करने के लिए
-27 जून से शुरु होगा संस्थानों में दाखिले के लिए पहला राउंड
-सीट आवंटन रिजल्ट जैक 2024 वेबसाइट पर होगा उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के पांच प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में बीटेक व बीआर्क (बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर) में दाखिले के लिए जैक (ज्वाइंट एडमिशन काउंसलिंग) के लिए पंजीकरण करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए रविवार तक आखिरी अवसर है। बीते 31 मई को शुरु हुई पंजीकरण प्रक्रिया रविवार (23 जून) को समाप्त हो जाएगी। तभी तक उम्मीदवार काउंसलिंग के लिए पंजीकरण व च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं। इसके बाद सीट आवंटन की प्रक्रिया 27 जून से शुरु होगी। सीट आवंटन का रिजल्ट जैक की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
जैक काउंसलिंग के तहत नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नॉलॉजी (एनएसयूटी), दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू), इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वूमेन (आईजीडीटीयूडब्लयू), इन्द्रप्रस्थ इंस्टीट्यूट ऑफ इंर्फोमेशन टेक्नॉलॉजी दिल्ली (आईआईआईटीडी), दिल्ली कौशल एवं उद्यमिता विश्वविद्यालय (डीईएसयू) में दाखिला दिया जाएगा। सीट आवंटन प्रक्रिया शुरु होने से पहले 25 जून से आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों के दस्तावेजों के सत्यापन प्रक्रिया शुरु होगी। दाखिले के लिए सीट आवंटन के पांच राउंड व एक स्पॉट राउंड आयोजित किया जाएगा।
28 जून से चार जुलाई तक होगा दस्तावेज सत्यापन
पहला सीट आवंटन राउंड 27 जून से शुरु होगा। इसके तहत 28 जून से चार जुलाई तक श्रेणीवार दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। उम्मीदवार आवंटित सीट को चार जुलाई तक फ्रीज कर सकेंगे। पांच राउंड के बाद खाली सीटों को भरने के लिए स्पॉट राउंड आयोजित किया जाएगा। उम्मीदवार किसी राउंड के तहत आवंटित हुई सीट पर अपना दाखिला 19 जुलाई तक वापस ले सकेंगे। जैक की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इन पाठ्यक्रमों में मैनेजमेंट कोटे या अन्य किसी कोटे से दाखिले का कोई प्रावधान नहीं है। ऐसे में किसी एजेंसी या किसी व्यक्ति द्वारा किए गए ऐसे किसी दावे से बचकर रहें। एक बार प्रोग्राम की ब्रांच फ्रीज किए जाने के बाद उसे वापस नहीं किया जा सकता है और उसे अंतिम ही माना जाएगा। जिन्होंने अपनी आवंटित सीट को फ्रीज नहीं किया होगा उन्हें काउंसलिंग के अगले दौर के दौरान अपग्रेडेशन के लिए विचार किया जाएगा।