उधार दिए पैसे वापस मांगने पर दोस्तों के साथ मिलकर बेसबॉल बैट से पीटकर हत्या कर दी थी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हत्याकांड के फरार आरोपी अरुण उर्फ रिक्की को अपराध शाखा ने जम्मू के कठुआ से गिरफ्तार किया है। आरोपी अमरनाथ यात्रा के लिए निकला था। उधार दिए पैसे मांगने पर उसने दोस्त सतेंद्र उर्फ भोला की दोस्तों के साथ मिलकर बेसबॉल बैट से पिटाई कर हत्या कर दी थी।
अपराध शाखा पुलिस उपायुक्त सतीश कुमार के अनुसार, तीन मार्च, 2021 की रात अरुण ने वारदात अंजाम दी थी। इसके बाद से आरोपी फरार था। इंस्पेक्टर संजय कुमार की देखरेख में पुलिस जघन्य मामलों में वांछित व फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस बीच मादीपुर गांव निवासी अरुण की पहचान की गई। जांच में पता चला कि वह बार-बार ठिकाने बदल रहा है। हवलदार दिनेश कुमार को सूचना मिली कि अरुण दोस्तों के साथ कार से अमरनाथ यात्रा पर गया है। इसके बाद इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में एसआई अंशु कादियान, एएसआई राजेंद्र, एएसआई विनोद कुमार, एएसआई सतीश कुमार व हवलदार दिनेश कुमार की टीम ने जम्मू और श्रीनगर में लगभग 100 शिविरों व होटलों और 150 कारों की जांच की। अंत में कठुआ टोल प्लाजा पर एक कार से अरुण को दबोच लिया गया। पूछताछ में अरुण ने बताया कि परिवार दिल्ली में अवैध शराब की आपूर्ति करता है। गलत संगत के कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी और अवैध रूप से शराब बेचने लगा। दोस्त विक्की ने सतेंद्र से पैसे उधार लिए थे। वारदात वाली रात को जब वह दोस्तों शाहनवाज, हिमांशु उर्फ विक्की और रितिक उर्फ गोलू के साथ शराब पी रहा था तो सतेंद्र वहां पहुंचा और पैसे चुकाने के लिए। साथ ही, विक्की की मां और बहन को अपमानित कर दिया। नशे में गुस्साए अरुण ने दोस्तों के साथ मिलकर सतेंद्र की हत्या कर दी। मामले में गोलू, हिमांशु और उषा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।