शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह 9 बजे होगा शुभारंभ, 11 बजे से शुरू होगा मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाली पांच मैचों की मिक्स्ड डिसेबिलिटी टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बृहस्पतिवार से शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मुकाबले खेले जाएंगे। जिले में पहली बार इस तरह का अंतरराष्ट्रीय मैच होने जा रहा है।
यह सीरीज न सिर्फ क्रिकेट के लिहाज से खास है बल्कि समाज को एक मजबूत संदेश भी देगी कि खेल किसी शारीरिक सीमा की मोहताज नहीं होता। मैच की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। मुकाबले की पहली गेंद सुबह 11 डाली जाएगी। सीरीज के लिए दोनों टीमें पूरी तरह तैयार हैं। मुकाबले में पिच से स्पिन गेंदबाजों को अतिरिक्त मदद मिलने की संभावना है। ऐसे में दोनों टीमों के कप्तान तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकते हैं।
बल्लेबाजों को तेज आउटफील्ड का फायदा मिलने की संभावना है। जिले के दर्शकों को दोनों देशों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद (डीसीसीआई) के महासचिव रविकांत चौहान का कहना है कि यह सीरीज दिव्यांग क्रिकेट को मुख्यधारा में लाने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। बड़ी संख्या में दर्शकों के मैदान में पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि यह सीरीज सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं है बल्कि समानता, समावेशन और खेल भावना का उत्सव है। जब खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, तो हर चौका-छक्का यह संदेश देगा कि हौसलों की कोई सीमा नहीं होती और खेल सबके लिए है।
घरेलू परिस्थिति का फायदा उठाएगी भारतीय टीम
भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। इंग्लैंड की टीम भी पूरी तैयारी के साथ चुनौती पेश करेगी। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्रों में जमकर पसीना बहाया और सीरीज को यादगार बनाने के लिए उत्साहित हैं।
भारत की टीम : स्क्वाडरविंद्र सांते (कप्तान), विवेक कुमार (उप-कप्तान), आकाश सिंह, सिबुन नंदा, शारिक मजीद, कृष्णा गौड़ा (विकेटकीपर), दीपक कुमार, जितेंद्र वीएन, माजिद, वसीम इकबाल, योगेंद्र बडोरिया (विकेटकीपर), आकाश पाटिल, संदीप, रिजवान, तरुण, सोहम, जयेश परमार।
-
इंग्लैंड : कैलम फ्लिन (कप्तान), आदित्य पटवर्धन, एलेक्स हैमंड, अल्फी पाइल, एंगस ब्राउन, क्रिस एडवर्ड्स, डैन रेनाल्डो, जॉन गेल, हेनरी वेनमैन, जेक वोस्लू, जेम्स डिक्सन, जॉर्डन विलियम्स, जोश प्राइस, लियाम ओ'ब्रायन, मोहम्मद फारूक, रॉनी जैक्सन।