दादरी। घोड़ी गांव के नजदीक गोल चक्कर पर कार सवार तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस साथी सहित उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक बदमाश फरार हो गया। बदमाशों के कब्जे से 29 अगस्त को लूटी गई कैब, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ज्यू सेक्टर के गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इस बीच अर्टिगा कार में सवार तीन युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने गोली चला दी। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की तो हापुड़ के गांव सुकलमपुरा निवासी बदमाश अरुण कुमार के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने अरुण व अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि विकास फरार हो गया। अरुण को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
चालक के गले में फंदा डालकर लूटी थी कैब
बुलंदशहर निवासी बुंदू खां अर्टिगा को ओला में चलाता है। 29 अगस्त को तीनों बदमाशों ने गाजियाबाद से तिलपता के लिए कैब बुक की थी। दादरी के नहर बाइपास पर बदमाशों ने बुंदू खां के गले में रस्सी का फंदा लगाकर कार से बाहर फेंक दिया था। बदमाश कार, पर्स व मोबाइल लूटकर ले गए थे।
पानी के विवाद में परिवार पर हमला, तीन घायल
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के डेरिन गांव में एक ही मकान में किराये पर रहने वाले दो परिवारों में पानी के लिए झगड़ा हो गया। पड़ोसियों ने समझा बुझाकर समझौता करा दिया, लेकिन शाम को एक पक्ष ने दूसरे पर हमला कर दिया। इससे तीन लोग घायल हो गए। एक युवक सिर में रॉड से हमला करने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से रामपुर निवासी किरण ने बताया कि बुधवार सुबह वह बच्चों को स्कूल भेजने से पहले नहलाने के लिए पानी लेने गई थी। आरोप है कि पड़ोसी जयसूर्या की पत्नी उस पर पाइप से बाल्टी हटाने का आरोप लगाकर झगड़ा करने लगी और भरा पानी फेंक दिया। इस बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। शाम को जयसूर्या व परिवार के लोगों ने किरण व परिवार पर हमला कर दिया। इसमें किरण, सास, देवर विशाल घायल हो गए। मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने जयसूर्या, रिश्तेदार कृष्ण, सुनील और सुशील के खिलाफ दर्ज किया है।
सेक्टरों में वाहनों की बैटरी चुराने वाले दो गिरफ्तार
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने सेक्टरों से वाहन चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैटरी, चाकू और बैटरी खोलने के औजार आदि बरामद किए हैं। सूरजपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली की सेक्टरों में खड़ी गाड़ियों की बैटरी चोरी करने वाले दो आरोपी औद्योगिक क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर फिरोजाबाद निवासी अमित कुमार शर्मा और सिकंदराबाद के विक्की मावी को गिरफ्तार कर लिया।