- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक सीबीएनएएटी मशीन स्थापित
पीयूष गौतम
यमुना सिटी। जेवर में अब टीबी रेसिस्टेंट की जांच की उन्नत सुविधा शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अत्याधुनिक सीबीएनएएटी मशीन स्थापित की है, जो मरीजों में प्रमुख दवाओं के प्रति प्रतिरोध की जांच कर सकती है।
पहले टीबी रेसिस्टेंट की जांच के लिए मरीजों के सैंपल को जिले के बड़े अस्पताल या विशेष केंद्रों पर भेजना पड़ता था। इससे रिपोर्ट आने में कई दिन लग जाते थे, जिसका सीधा असर उपचार पर पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर सीबीएनएएटी मशीन से जांच होने से मरीजों को कम समय में रिपोर्ट मिल सकेगी और चिकित्सक तत्काल इलाज की सही योजना तय कर सकेंगे। इससे गंभीर मरीजों की पहचान जल्दी होगी और उचित दवा देने में विलंब नहीं होगा। विभाग ने लोगों से अपील की है कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत सीएचसी पहुंचकर जांच कराएं। ताकि रोग को शुरुआती अवस्था में ही नियंत्रित किया जा सके।
जानें क्या है टीबी रेसिस्टेंट
चिकित्सकों के मुताबिक जब टीबी की दवाएं मरीज पर असर न करें, तो इसे ड्रग रेजिस्टेंट टीबी कहते हैं, जो इलाज को कठिन बना देती है। ऐसे मामलों का समय पर पता लगना बहुत जरूरी है। आधुनिक उपकरण की मदद से अब यह पता लगाना आसान होगा कि मरीज किस दवा के प्रति प्रतिरोधी है और उसे किस तरह के उपचार की आवश्यकता है।
जेवर में नहीं टीबी का एक भी केस
जेवर के किसी भी गांव में टीबी का एक भी केस सक्रिय नहीं है। क्षेत्र में लगातार निवासियों को टीबी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
सीएचसी में अत्याधुनिक सीबीएनएएटी मशीन से जांच शुरू कर दी गई है।– डॉ. शर्फे जेयां, चिकित्सा अधीक्षक जेवर।