संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। कस्बा के गोढ़ोता गांव में बुधवार को एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर पिता-पुत्री को गंभीर रूप से घायल कर दिया। होडल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता सीमा, निवासी गोढ़ोता, ने बताया कि 26 नवंबर को वह घर के आंगन में सफाई कर रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कैलाश दीवार फांदकर उसके घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर युवक उससे झगड़ा करने लगा। शोर सुनकर घर के अंदर से सीमा के पिता बिजेंद्र सिंह बाहर आए, तो आरोपी ने उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
इसके बाद कैलाश ने सीमा के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी एएसआई सतबीर ने बताया कि आरोपी कैलाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।