कलंक नहीं धो पाया लिखकर इंजीनियर ने की खुदकुशी
- ग्रेनो वेस्ट की सोसाइटी में फंदे पर लटका मिला शव
- बिसरख पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ओनिक्स काउंटी सोसाइटी के फ्लैट में इंजीनियर अजीत राज चौधरी (36) का शव सोमवार को फंदे पर लटका मिला। इस दौरान इंजीनियर की पत्नी ड्यूटी पर गई थी। पुलिस को मौके से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। इसमें लिखा है कि उसकी जिंदगी जहर हो गई है और वह अपने कलंक को नहीं धो पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि कंपनी में आईटी इंजीनियर अजीत चौधरी सोसाइटी में परिवार के साथ रहते थे। उनकी पत्नी भी एक कंपनी में जॉब करती हैं। सोमवार को अजीत का शव पंखे पर लटका मिला। अजीत के भाई ने उसे फंदे से उतार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अजीत के भाई अमित ने पुलिस को बताया कि सोमवार को भाई घर पर अकेला था। शाम को जब उनकी पत्नी ड्यूटी से लौटी तो अजीत का शव फंदे पर लटका मिला। अजीत की पत्नी ने अमित को सूचना दी। पुलिस परिजन ने बात कर अभी यह पता नहीं लगा पाई है कि अजीत ने अपने कलंक धोने आदि की बात क्यों लिखी है।