हिमालय प्राइड सोसाइटी में निकाली गई यात्रा, श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नृत्य चौफला की दी प्रस्तुति, पारंपरिक परिधानों में श्रद्धालुओं ने की परिक्रमा
ग्रेटर नोएडा। उत्तराखंड समाज के लोगों ने रविवार को हिमालय प्राइड सोसाइटी में मां नंदा देवी की भव्य डोली यात्रा निकाली। पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं ने डोली को कंधों पर उठाया और सोसाइटी परिसर में परिक्रमा की। उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ब्रह्मकमल टोपी’ पहनकर यात्रा में शामिल श्रद्धालु मां नंदा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
आयोजन के दौरान पार्वती कला संगम ग्रुप की ओर से उत्तराखंड के पारंपरिक नृत्य चौफला की प्रस्तुति दी गई। बच्चों और युवाओं ने भी इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया। आयोजन से जुड़े लोगों ने कहा कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
मां नंदा देवी की डोली यात्रा के दौरान खुद को पहाड़ की परंपरा और संस्कृति के बीच महसूस किया। -इंदु बहुगुणा
बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन जरूरी हैं, तभी वे परंपराओं का निर्वहन करेंगे। -नीम
मां नंदा की डोली यात्रा में शामिल होकर अपने पहाड़ और वहां की संस्कृति से जुड़ाव महसूस हुआ। -मुन्नी रावत
मां नंदा की डोली यात्रा उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। -आरके भारद्वाज
यात्रा में महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया और सामूहिक रूप से पूजा व परिक्रमा की। -जसवंत सिंह बिष्ट
डोली यात्रा से उत्तराखंडवासी अपनी लोक आस्था और सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। -विनोद उनियाल