संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहर में सिटी ई-बसों से सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण स्टॉपेज पर बसों को तीन मिनट तक रोकने की व्यवस्था की जा रही है। सूरजपुर, कलेक्ट्रेट और जगत फार्म समेत प्रमुख स्थानों पर बसें रुकेंगी, ताकि यात्री आसानी से उतर और चढ़ सकें। इसके लिए चालकों को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।
नोएडा से कुलेसरा, सूरजपुर होते हुए परी चौक के बीच संचालित सिटी ई-बसों के कई स्टॉपेज पर बिना रुके आगे निकल जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में लोग प्राधिकरण और संबंधित विभाग से शिकायत कर रहे थे। यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए अब प्रमुख स्टॉपेज पर बसों को निर्धारित समय तक रोकने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
शहर के ऐसे स्थान जिन स्थानों पर सवारियां अधिक मिलती है। ऐसे स्थानों को रूट स्तर पर चालक और परिचालक चिंहित करके उन स्थानों से सवारियां लेंगे। नई व्यवस्था के तहत चालक को संबंधित स्टॉपेज पर तीन मिनट तक बस रोकनी होगी। इस दौरान उतरने वाले यात्री आसानी से नीचे उतर सकेंगे, वहीं बस में सफर करने के इच्छुक लोगों को भी चढ़ने का पर्याप्त समय मिलेगा। इससे यात्रियों को बस पकड़ने और उतरने में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कई स्टॉपेज पर बसों के बिना रुके निकल जाने की शिकायतें मिल रही थीं। अब चालकों को प्रमुख स्टॉपेज पर तीन मिनट तक बस रोकने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को आसानी से चढ़ने और उतरने की सुविधा मिल सके।
- राजेश वर्मा, एआरएम, सिटी ई-बस डिपो नोएडा
राजेश भाटी