0009 के लिए 18 तो 0001 नंबर के लिए 16 लाख लगी बोली
वीआईपी नंबर के लिए फिर शुरू हुई होड़, फेक बिडिंग का भी खतरा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शौक बड़ी चीज है। यह गौतमबुद्ध नगर में वाहनों के वीआईपी नंबरों की नीलामी में देखा गया। 0009 नंबर के लिए वाहन मालिकों ने 18 लाख रुपये बोली लगा दी है। यही नहीं, 0001 नंबर के लिए बोली 16 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
वहीं कई और अन्य नंबर हैं, जिन पर लाखों रुपये की बोली वाहन मालिकों ने लगा दी है। बता दें कि यूपी-16 बीएफ सीरीज के लिए बीते शुक्रवार अगस्त से बोली शुरू हुई थी। बोली लगते-लगते इतना अधिक तक पहुंच गई है। इसी सीरीज के 0007 नंबर के लिए 10 लाख रुपये बोली लगाई गई है। वहीं 9090 नंबर के लिए 5.5 लाख रुपये तक बोली लगा दी गई है। 0002 नंबर की बात करें तो 4.43 लाख रुपये की बोली लगा दी गई है। वहीं 7000 और 9000 नंबर के लिए बोली दो-दो लाख से अधिक की लगाई गई है। बता दें कि इन नंबरों के लिए अक्सर ऐसा क्रेज देखने को मिलता ही है। जानकारों का मानना है कि इन बोलियों को ही अंतिम सत्य नहीं मानना चाहिए। हो सकता है यह बोलियां फेक लगाई जा रही हों। उप संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ सियाराम वर्मा ने बताया कि फेक बिडरों पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। इस पर पूर्ण रूप से रोक लग सके, इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है।