शहर में कबाड़ कारोबार को नियोजित बनाने और कबाड़ गोदामों को आबादी के बीच से हटाने के लिए नोएडा प्राधिकरण कबाड़ियों का पंजीकरण करवाएगा। पहले चरण में कबाड़ियों का सर्वे होगा, जिसके लिए समिति बनेगी।
शहर में तेजी से कबाड़ गोदाम बन रहे हैं। इनमें आग लगने की घटनाएं भी चिंता का कारण बनी हुई हैं। इन कबाड़ गोदाम के आसपास झुग्गियां भी बन जाती हैं, जिनसे आग लगने पर जनहानि का भी खतरा बना रहता है।
प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीनों पर बनी झुग्गियों को हटवाया जाएगा। अन्य स्थानों पर कबाड़ कारोबार को नियमित किया जाएगा। इसके लिए कबाड़ियों का पंजीकरण कराया जाएगा। प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश ने बताया कि कई स्थानों पर अवैध रूप से कबाड़ जमा किया जा रहा है, जिससे गंदगी, अतिक्रमण और सुरक्षा संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं।
खासतौर पर डूब क्षेत्र और खाली प्लॉट पर बड़ी संख्या में अस्थायी कबाड़ केंद्र बन गए हैं। इसे देखते हुए प्राधिकरण अब पूरे शहर में सर्वे कराकर वास्तविक कबाड़ियों की पहचान करेगा। इसके लिए एक समिति बनाई जाएगी। फिर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद केवल पंजीकृत कबाड़ी ही शहर में कबाड़ उठाने और कारोबार करने के पात्र होंगे। बिना पंजीकरण के काम करने वाले कबाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें संबंधित स्थानों से हटाया जाएगा।