-शुक्रवार को एक्यूआई 218 दर्ज, बृहस्पतिवार की तुलना में 155 सूचकांक की गिरावट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में लगातार 18 दिनों से लोग खराब हवा में सांस ले रहे हैं। ऐसे में एक्यूआई की श्रेणी कभी खराब तो कभी बेहद खराब में आ-जा रही है, जो लोगों के सांसों पर संकट की तरह मंडरा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 218 में दर्ज किया गया। इसमें बृहस्पतिवार की तुलना में 155 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि शनिवार को फिर से हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है।
सीपीसीबी के अनुसार, शुक्रवार को हवा उत्तर-पूर्व दिशा से 5 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 2000 मीटर रही। इसके अलावा वेंटिलेशन इंडेक्स 7000 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, दोपहर तीन बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 157 और पीएम 2.5 94.3 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। सीपीसीबी के अनुसार, निगरानी केंद्रों में से केवल वजीरपुर में 312 एक्यूआई के साथ बेहद खराब श्रेणी में हवा दर्ज की गई। वहीं, 25 निगरानी केंद्रों में हवा खराब और 11 में मध्यम श्रेणी में हवा दर्ज की गई। शनिवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंचने के चलते सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही, लोगों को आंखों में जलन के साथ त्वचा संबंधी परेशानियों जैसी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।