सोसाइटी की लिफ्ट में 20 मिनट तक फंसे रहे दस लोग
सेक्टर-75 स्थित अपैक्स एथेना सोसाइटी में शनिवार रात 11 बजे बिजली गुल होने पर हुई घटना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में लगातार लिफ्ट फंसने की घटनाएं बढ रही हैं। सेक्टर-75 स्थित अपैक्स एथेना सोसाइटी में शनिवार रात 11 बजे बिजली गुल होने पर लिफ्ट में कई लोग फंस गए। काफी देर तक लिफ्ट नहीं खुलने पर सांस लेने में दिक्कत होने लगी। 20 मिनट बाद लिफ्ट को खोला गया। तब कहीं जाकर लोगों को राहत मिली।
22वें फ्लोर पर रहने वाले रामालिंगम ने बताया कि सवा 11 बजे बेसमेंट से परिवार के साथ अपने फ्लैट में जा रहे थे। बेसमेंट (माइनस वन) से सर्विस लिफ्ट ली थी। लिफ्ट में उनके परिवार के चार सदस्यों के अलावा पांच बड़े व एक बच्ची समेत दस लोग थे। छठें और सातवें फ्लोर के बीच जाकर लिफ्ट रुक गई। थोड़ी देर इंतजार करने के बाद भी लिफ्ट चालू नहीं हुई तो 11:20 बजे मेंटीनेस आफिस कॉल किया। काफी देर तक काल करने के बाद स्टाफ ने काल रिसीव की। लेकिन तेजी से मदद के लिए कोई नहीं आया। थोड़ी देर बाद एक स्टाफ आया लेकिन वह सीधे 25वें मंजिल पर गया और लिफ्ट को डाउन कर उन तक पहुंचा। उसके बाद छठें फ्लोर पर लिफ्ट का मैनुअली गेट खोलकर सभी को बाहर निकाला गया। इस दौरान लिफ्ट में करीब दस लोग मौजूद थे। सोसाइटी निवासी नीरज ने बताया कि इस घटना के बाद लोगों ने सोसाइटी के गुप में चर्चा करते हुए कहा कि लोग डरे हुए हैं।