यूपी कबड्डी लीग से पहले अभ्यास में जुटी टीमें, लगाए विशेष शिविर
- नौ जुलाई को नोएडा पहुंचेंगी सभी 8 टीमें, पहला मैच 11 जुलाई को शाम 5 बजे से
- उद्घाटन समारोह में शामिल हो सकते हैं यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। नोएडा इंडोर स्टेडियम में 11 जुलाई से 25 जुलाई तक होने वाले उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) मुकाबलों के लिए सभी टीमें अभ्यास में जुटी हुई हैं। वहीं लीग की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। सीजन एक में हिस्सा ले रहीं सभी 8 टीमों के ओनर्स ने खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग-अलग शहरों में विशेष कैंप लगाए हैं। लीग के संस्थापक सम्भव जैन ने बताया कि उद्घाटन के अवसर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत कई नामी गिरामी हस्तियों के जुटने की संभावना है। इसके साथ ही विभिन्न स्पोर्ट्स एसोसिएशंस से जुड़े खिलाड़ी और पदाधिकारी भी इस ऐतिहासिक अवसर के गवाह बनेंगे। द ग्रेट खली भी यूपीकेएल को सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी टीमें नौ जुलाई को नोएडा पहुंच जाएंगी। हर टीम में 15-15 खिलाड़ी हैं। सभी खिलाड़ियों की सुरक्षा पर भी काफी ध्यान दिया गया है। लीग मुकाबलों से पहले खिलाड़ियों को स्टेडियम में भी अभ्यास का मौका मिलेगा।
यमुना योद्धा व लखनऊ के बीच होगा पहला मुकाबला
11 जुलाई को पहला मैच यमुना योद्धा और लखनऊ के बीच शाम 5 बजे से शुरू होगा। लीग में अर्जुन देशवाल, विनय तेवतिया और साहुल कुमार जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मैचों के लिए कोई टिकट नहीं रखा गया है। यूपीकेएल सीजन एक सभी मैच फ्री में देखे जा सकेंगे, जिसके लिए पास के माध्यम से स्टेडियम में एंट्री मिलेगी।
भविष्य के लिए तैयार होंगे स्टार खिलाड़ी
लीग के स्पोर्ट्स एंबेसडर राहुल चौधरी ने कहा कि यूपीकेएल भविष्य के लिए स्टार खिलाड़ी तैयार करने का काम कर रहा है। खिलाड़ियों के लिए पेशेवर स्तर पर प्रदर्शन और अनुभव हासिल करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। लीग के सभी मैचों का सीधा प्रसारण सोनी टेन-3 पर होगा और लाइव स्ट्रीमिंग फैन कोड पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस लीग के बाद क्रिकेट की तरह ही युवाओं का ध्यान भी इस खेल की ओर आकर्षित होगा।