तैराकी में प्रदेश स्तर से मिले तीन बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी
- कोच क्लीनिक, टैलेंट हंट और जूनियर-सब जूनियर प्रदेश स्तरीय स्पर्धा की मिली मेजबानी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। उत्तर प्रदेश तैराकी एसोसिएशन ने इस साल आयोजित की जाने वाली अपनी प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। जिसमें लखनऊ समेत नोएडा को इस बार तीन बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। खेल कार्यक्रमों में नोएडा के खाते में आई तीन प्रतियोगिता आयोजित कराने के फैसले को यहां के खिलाड़ियों के हितों के ख्याल से बेहतर माना जा रहा है। तैराकी से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है जिले में जितनी अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, खेल को लेकर खिलाड़ियों में उतना ही रुझान बढ़ेगा।
उत्तर प्रदेश तैराकी एसोसिएशन इस साल 14 जून से खेल आयोजनों की शुरुआत करने जा रहा है। 22 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग कैटेगरी की तैराकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसमें गौतमबुद्ध नगर में 11 से 14 जुलाई के बीच यूपी स्वीमिंग कोच क्लीनिक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कोच के लिए भी विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसमें विभिन्न जिलों के कोच शामिल होंगे। इसके अलावा 12 से 14 जुलाई के बीच सब जूनियर और जूनियर स्टेट तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश भर से सैकड़ों प्रतिभावान खिलाड़ियों का जमावड़ा गौतमबुद्ध नगर के विभिन्न तरणताल पर देखने को मिलेगा। इसी दिन 12 से 14 जुलाई के बीच टैलेंट हंट स्वीमिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें अंडर-10 आयु वर्ग से लेकर अंडर-15 आयु वर्ग के खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। जिला तैराकी एसोसिएशन के सचिव सुरेश देशवाल का कहना है कि प्रदेश स्तर से जिले को तीन बड़े आयोजनों की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश भर के खिलाड़ी गौतमबुद्ध नगर में खेलते हुए नजर आएंगे। इससे युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।