दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि आतंकी यूसुफ के पास से जितना विस्फोटक बरामद हुआ है, उससे वह बड़ा नुकसान कर सकता था। ऐसे में फौरन एनएसजी की बम निरोधक टीम को खबर दे दी गई। रात को ही एनएसजी की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया। चूंकि रात में दो आईईडी को डिफ्यूज करने में दिक्क्त हो सकती थी। ऐसे में दिन होने का इंतजार किया गया। सुबह पूरे बुद्ध जयंती पार्क को घेर लिया गया। आईईडी को पार्क में ले जाकर वहां दो फुट गहरा गड्ढा किया गया। दोनों आईईडी को गड्ढे में रखकर ऊपर से रेत की बोरियां डालकर हल्का धमाका कर डिफ्यूज कर दिया।
क्या है लोन वुल्फ अटैक
लोन वुल्फ अटैक के लिए आतंकी साधारण चीजों का इस्तेमाल करता है। अकेला व्यक्ति ही पूरे हमले को अंजाम देता है। इसका मकसद अकेले ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने का होता है। इस तरह के हमलावर का पता लगाना पुलिस के लिए मुश्किल होता है क्योंकि हमले के लिए किसी बड़े बजट, बड़ी योजना या बड़ी टीम की जरूरत नहीं होती। आईएसआईएस के आतंकी अक्सर ऐसे हमले करते हैं। ये हमलावर इंटरनेट या अन्य माध्यम के जरिए आतंकी संगठनों से प्रभावित होते हैं।