फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वकील का मर्डर: रेणु के कत्ल के बाद प्रॉपर्टी डीलर और खरीदार को कोठी में घुमाया, पूर्व IIS का सनसनीखेज कबूलनामा

Tue, 12 Sep 2023 10:00 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

नोएडा के सेक्टर-30 में सुप्रीम कोर्ट की वकील की हत्या पति ने ही की थी। पुलिस ने पूर्व आईआईएस अफसर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पत्नी का गला दबाकर हत्या करने के बाद कोठी में स्टोर रूम में छिपा था। वारदात के बाद आरोपी ने कोठी बेचने के लिए प्रॉपर्टी डीलर को घर पर बुलाया था। 
विज्ञापन
Supreme Court lawyer murder - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नोएडा के सेक्टर-30 स्थित डी ब्लॉक की कोठी में सुप्रीम कोर्ट की वकील रेणु सिन्हा (61) की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोमवार को पूर्व आईआईएस (भारतीय सूचना सेवा) अधिकारी पति नितिन नाथ सिंह (61) को गिरफ्तार कर लिया। 
विज्ञापन


पति ने रविवार सुबह 4.50 करोड़ की कोठी बेचने का विरोध करने पर रेणु की गला दबाकर और धक्का देकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद वह प्रथम तल के स्टोर रूम में छिप गया था। पुलिस ने सर्च के दौरान करीब 12 घंटे के बाद सोमवार तड़के लगभग 3:30 बजे आरोपी को पकड़ लिया। 

मामले में पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस को रविवार को रेणु का शव घर के वॉशरूम में मिला था। डीसीपी नोएडा हरीश चंदर का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पत्नी से संबंध अच्छे नहीं थे। 
विज्ञापन


पत्नी कैंसर समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित थी। नितिन डी ब्लॉक की कोठी नितिन बेचना चाहता था, लेकिन रेणु विरोध करती थी। कुछ दिन पहले नितिन ने कोठी का साढ़े चार करोड़ में सौदा कर लिया था और 55 लाख एडवांस भी ले लिए थे। रविवार को प्रॉपर्टी डीलर और खरीदार कोठी को देखने आने वाले थे।
 

रविवार सुबह करीब आठ बजे नितिन सोकर उठा और चाय बनाई। इसके बाद वह कोठी बेचने को लेकर पत्नी से बात करने लगा। रेणु के विरोध करने पर नितिन हाथापाई करने लगा। इस दौरान उसने बेडरूम में ही पहले तकिये से पत्नी का मुंह दबाया और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। 

 

हाथापाई और मारपीट होने से महिला के कान और नाक से खून भी निकलने लगा और आरोपी ने पत्नी को वॉशरूम में धक्का दे दिया। वारदात के बाद वह प्रथम तल पर चला गया। घटना के करीब एक घंटे बाद प्रॉपर्टी डीलर समेत तीन लोग नितिन के घर पहुंचे।

 

नितिन ने उन्हें पहली मंजिल के कमरे सहित अन्य स्थान को दिखाया और ग्राउंड फ्लोर के ड्राइंग रूम में ले जाकर कहा, जैसा स्ट्रक्चर ऊपर है, वैसा ही नीचे है। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर व अन्य चले गए। दोपहर बाद उसके रेणु के भाई के फोन आने लगे तो वह मोबाइल की बैटरी निकालकर प्रथम तल के स्टोर रूम में जाकर खुद को बंद कर लिया।

कमरों में ताला और मुख्य गेट पर लगाया जंजीर
पत्नी की हत्या करने के बाद नितिन नाथ प्रॉपर्टी डीलर से मिला और जब वे लोग चले गए तो उसने कोठी के कई कमरों में ताला लगाया और मुख्य गेट में जंजीर लगाकर ताले को आगे कर दिया, ताकि ऐसा लगे कि मुख्य गेट बाहर से बंद है।

शक हाेने पर रेणु का भाई घर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद दिखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया था। वहीं, उन्होंने जब नितिन को फोन लगाया तो नहीं उठा। जब पड़ोसियों ने उसे फोन किया तो नितिन ने दिल्ली के लोधी रोड में होने की बात कही।

पांच घंटे की सीसीटीवी फुटेज देख पुलिस को हुआ शक
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई थीं। टीम कोठी में बैठकर जांच शुरू की। कोठी के अंदर सीसीटीवी बंद मिला तो पड़ोस के 24 से अधिक सीसीटीवी को देखना शुरू किया। करीब पांच घंटे तक फुटेज देखने के बाद नितिन का मूवमेंट कोठी के बाहर नहीं दिखा और मोबाइल के लोकेशन का जीरो मूवमेंट दिखा तब शक हुआ कि वह कोठी के आसपास ही है। 

 

इसके बाद एक तरफ टीम ने सेक्टर-30 के आसपास के होटलों में तलाशी शुरू की तो दूसरी तरफ रेणु के भाई के साथ घर के एक-एक कमरे की तलाशी की गई। करीब आधी रात के बाद जब स्टोर रूम का दरवाजा तोड़ा गया तो नितिन वहां मिला।

1986 बैच का आईआईएस अधिकारी है नितिन
आरोपी नितिन नाथ सिंह 1986 बैच के भारतीय सूचना सेवा का अधिकारी है। वर्ष 1998 में उसने उस वक्त वीआरएस ले लिया था, जब केंद्र सरकार की तरफ से एक योजना आई थी कि 10 साल की नौकरी के बाद पूरा पेंशन मिलेगा।

वीआरएस लेने के बाद उसने यूएसए की इनोडाटा कंपनी में काम किया और बाद में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन में भी अधिकारी रहा। वर्तमान में वह कुछ नहीं कर रहा था और कोठी बेचकर सेक्टर-26 में नया घर खरीदना चाह रहा था, जबकि पत्नी की इच्छा सेक्टर-30 स्थित पुश्तैनी कोठी में ही रहने की थी।

यह है पूरा मामला
रविवार को एक शख्स ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी बहन फोन नहीं उठा रही है। अनहोनी की आशंका जताने के बाद जब पुलिस सेक्टर-30 स्थित डी ब्लॉक की कोठी का दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो वहां सुप्रीम कोर्ट की वकील रेणु का शव मिला और पति नितिन नहीं था। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
विज्ञापन

महिला वकील की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या करने के बाद वह कोठी के एक स्टोर रूम में खुद को बंद कर लिया था। पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान उसे पकड़ लिया। - हरीश चंदर, डीसीपी नोएडा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें