नोएडा। सुप्रीम कोर्ट के कडे़ रुख के बाद सुपरटेक ने खरीदारों के मामलों को सुलझाने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। बिल्डर का दावा है कि चार खरीदारों से उनका हिसाब-किताब हो गया है, जबकि बाकी अन्य को दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। यह भी पूछा गया है कि भुगतान चेक से चाहते हैं या फिर सीधे खाते में पैसा ट्रांसफर कर दिया जाए।
ट्विन टावर मामले में सुनवाई करते हुए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने सुपरटेक को खरीदारों का पैसा 12 फीसदी ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया था। इस पर बिल्डर के अधिवक्ता ने बताया था कि वह मंगलवार से ही रकम देना शुरू कर देंगे। 14 खरीदारों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। बिल्डर का दावा है कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद से चार खरीदारों को पैसे दे दिए गए हैं। बाकी दस को उन्होंने संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। जैसे ही वह दस्तावेज उपलब्ध करा देंगे, वैसे ही उनकी रकम का भुगतान ब्याज समेत कर दिया जाएगा।