डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में स्टाफ के साथ पुलिस कप्तान वरुण सिंगला।
- फोटो : Mewat
नूंह। पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला जिले में अपराध रोकने के साथ शिक्षा की बेहतरी के लिए भी प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस अधीक्षक ने नूंह पुलिस लाइन स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल में बच्चों को मिल रही विभिन्न सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर, केमिस्ट्री, फिजिक्स, बायोलॉजी और मैथ लैब का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद स्कूल लाइब्रेरी में बच्चों को उपलब्ध होने वाली किताबों की जांच की। पुलिस कप्तान ने स्कूल स्टाफ को सभी सुविधाओं को मुहैया करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। इस मौके पर स्कूल प्रधानाचार्य बलवंत बिश्नोई के साथ सत्र 2022-23 के बजट पर चर्चा की। स्कूल की लोकल मैनेजिंग कमेटी की तारीख फाइनल करने पर भी सहमति बनी। पुलिस कप्तान ने स्कूल में बाहर से आने वाले अध्यापकों के लिए पुलिस लाइन के बाहर बस स्टॉप बनवाने का आश्वासन दिया, ताकि अध्यापकों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। अभिभावकों द्वारा विद्यालय में 11वीं कक्षा की पढ़ाई शुरू करने को लेकर आवेदन किया गया, जिससे उनके बच्चों को उचित शिक्षा प्रदान की जा सके। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक व अध्यापिकाएं उपस्थित रहे।