-आईपीयू में दाखिले संबंधी जानकारी देने के लिए आयोजित किया गया दाखिला फेयर
-जल्द ही यूनिवर्सिटी के दोनों कैंपस में ऐसे दाखिला फेयर आयोजित किए जाएंगे
-01 हजार विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं पहले आओ पहले पाओ के आधार पर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को दाखिला संबंधी जानकारी देने और उनकी उलझनों को सुलझाने के लिए पहला दाखिला फेयर आयोजित किया। इस फेयर में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर करीब एक हजार विद्यार्थी पंजीकरण करा कर पहुंचे। यहां उन्हें जानकारी दी गई कि वह दाखिले से जुड़े अपने सभी अवसरों को खुला रखें। अभी आवेदन अवश्य कर दें, दाखिला लेना है या नहीं इसका निर्णय बाद में करें। इस फेयर के रिस्पांस को देखते हुए प्रशासन ने जल्द ही अपने दोनों कैंपस में ऐसे फेयर आयोजित करने का फैसला किया है।
यूनिवर्सिटी के आवेदकों एवं संभावित आवेदकों के लिए एक ही जगह पर दाखिला प्रक्रिया के बारे में जानने-समझने का यह एक अच्छा अवसर था। इस दाखिला फेयर में इस यूनिवर्सिटी के नए सत्र से जुड़े प्रोग्राम के आवेदकों एवं संभावित आवेदकों ने आकर दाखिले से जुड़े सवालों के जवाबों का विस्तार से जवाब पाया। सवालों का जवाब देने के लिए यहां यूनिवर्सिटी की दाखिला शाखा की पूरी टीम उपस्थित थी। फेयर में दाखिला शाखा के उपकुलसचिव डॉ विजय कुमार ने विद्यार्थियों को दाखिला प्रक्रिया के विषय में विस्तार से बताया।
आईपीयू के कुलपति पद्मश्री प्रो. डॉ. महेश वर्मा ने कहा कि अभी स्नातक से लेकर पीएचडी स्तर के 200 प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया जारी है। दाखिले के लिए अलग-अलग प्रक्रिया हैं। किसी में नेशनल लेवल टेस्ट है, किसी में यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा से दाखिले होंगे तो किसी में अंतिम परीक्षा के अंकों एवं साक्षात्कार के आधार पर दाखिले होंगे। बहुत सारे प्रोग्राम में सीयूईटी स्कोर से भी दाखिले होंगे। ऐसे में इससे जुड़े सभी सवालों के जवाब विद्यार्थियों को इसी फेयर में मिले।
-
आवेदन अवश्य कर दें छात्र : प्रो. उदयन
यूनिवर्सिटी की दाखिला शाखा के प्रमुख प्रो उदयन घोष ने फेयर में सभी आवेदकों एवं संभावित आवेदकों को सलाह दी कि वह दाखिले से जुड़े अपने सभी अवसरों को खुला रखें। उन्हें दाखिला लेना है या नहीं यह निर्णय बाद का है। अभी आवेदन अवश्य कर दें। उन्होंने यह भी सलाह दी कि यूनिवर्सिटी के दोनों वेबसाइट पर उपलब्ध दाखिला ब्रॉशर को अच्छी तरह से पढ़ें। यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ कमल पाठक ने कहा कि इस फेयर को अच्छा रिस्पांस मिला है ऐसे में विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए यूनिवर्सिटी के दोनों कैंपस में ऐसे और दाखिला फेयर आयोजित करने का फैसला किया है।