---------
हेडिंग: टायर पंचर का झांसा देकर कार से महिला का बैग चुराया
ठक-ठक गिरोह ने दी वारदात अंजाम, बैग में छह हजार रुपये व लैपटॉप था
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने कालिंदी कुंज के पास टायर पंचर का झांसा देकर कार से महिला का बैग उड़ा लिया। बैग में छह हजार रुपये और ऑफिस का लैपटॉप रखा था। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, ग्रेटर कैलाश, दिल्ली निवासी मिनल मलिक नोएडा की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करती हैं। शुक्रवार को वह कार से दिल्ली स्थित घर से नोएडा के लिए निकली थीं। करीब साढ़े 11 बजे वह कालिंदी कुंज के रास्ते नोएडा की सीमा में दाखिल हुईं। कुछ दूर जाते ही बाइक सवार दो युवकों ने टायर पंचर होने का इशारा किया। मिनल ने कार नहीं रोकी। कुछ दूर और जाने के बाद बाइक सवार दो अन्य युवक कार के सामने आ गए और पंचर होने का इशारा किया। इस बार मिनल ने कार रोक दी और उतरकर टायर चेक करने लगीं, तभी बाइक सवार दोनों बदमाशों ने गेट खोलकर सीट पर रखा बैग चुराया और फरार हो गए।