नोएडा स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रविवार को बुलंदशहर में हुई हत्या में शामिल सजायाफ्ता बुलंदशहर निवासी 25 हजार के इनामी फहीमुद्दीन को दिल्ली के मुस्तफाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी का साथी मेहरबान ग्रेटर नोएडा में वर्ष 2019 में डेयरी कैशियर से 65 लाख की लूट में शामिल था और बाद में गाजियाबाद में एसटीएफ से मुठभेड़ के दौरान ढेर हुआ था।
फहीमुद्दीन को बुलंदशहर में हुई हत्या के मामले में अदालत ने उम्रकैद सुनाई थी। आरोपी जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद दिल्ली में छिपकर मीट बेच रहा था। एसटीएफ के एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि फहीमुद्दीन ने 20 फरवरी 2001 में बुलंदशहर कोतवाली नगर क्षेत्र में चावल व्यापारी यासीन कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में बुलंदशहर जिला अदालत ने दोषी पाए जाने पर उसे उम्रकैद सुनाई थी।
इसके बाद आरोपी ने फैसले के खिलाफ अदालत में अपील की थी। अपील की सुनवाई के दौरान वह जेल से पैरोल पर बाहर आ गया था और फरार चल रहा था। सजा सुनाए जाने के बाद कोर्ट ने फहीमुद्दीन को आत्म समर्पण करने का आदेश दिया था। पहले उसके खिलाफ अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया।
इसके बाद पुलिस ने 16 जनवरी को सजायाफ्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ ने बताया कि 65 लाख की लूट के बाद मुठभेड़ में मारा गया मेहरबान यासीन कुरैशी का साथी था और बुलंदशहर में चावल व्यापारी की हत्या में भी शामिल रहा था। मेहरबान को भी अदालत ने उम्रकैद सुनाई थी।