- हत्या के दो मामले में तीन साल से था फरार, नाम बदलकर बिशनपुरा में रहता था
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। यूपी एसटीएफ ने तीन साल से फरार चल रहे एक लाख के इनामी हत्या के आरोपी को बिशनपुरा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बेगूसराय निवासी मुन्नी लाल राय (45) अपने गृह जिले से वांछित था। वह बिशनपुरा में मनीष के नाम से रहता था। यूपी एसटीएफ ने इनामी बदमाश को बिहार एसटीएफ को सौंप दिया है। अब बिहार एसटीएफ मामले की जांच करेगी।
यूपी एसटीएफ की टीम को फरार व इनामी बदमाशों के बारे में सूचनाएं मिल रही थी। इसी क्रम में नोएडा एसटीएफ की टीम को बिहार एसटीएफ से फरार बदमाश की जानकारी मिली थी। एसटीएफ ने रविवार को सेक्टर-58 के बिशनपुरा गांव से मुन्नी लाल राय को गिरफ्तार कर लिया। हाई स्कूल पास आरोपी वर्ष 2013 में अवैध शस्त्र के मामले में जेल गया था। बाहर आने के बाद वर्ष 2016 में चोरी के मामले में दो वर्ष जेल में रहा। इसके बाद वर्ष 2018 में भी तीन महीने के लिए अवैध असलहे के मामले में जेल में रहा। गांव में जमीन की उसकी रंजिश पड़ोसी शत्रुघ्न पासवान से थी। मुन्नीलाल ने भाइयों के साथ मिलकर वर्ष 2021 में शत्रुघ्न की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के पांच दिन बाद फिर से मुन्नी ने शत्रुघ्न के रिश्तेदार उपेंद्र पासवान व पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं 2022 में शराब बेचने को लेकर हुए झगड़े में पिंटू नामक युवक की हत्या कर दी थी। नोएडा एसटीएफ के एएसपी राजकुमार मिश्र के मुताबिक बिशनपुरा से गिरफ्तार इनामी को बिहार एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया गया है।