इंडियन आइडल 12’ के विजेता पवनदीप राजन के स्वास्थ्य को लेकर ताजा अपडेट सामने आया है। फोर्टिस हॉस्पिटल नोएडा ने जानकारी देते हुए बताया कि पवनदीप राजन को 5 मई को फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, क्योंकि सड़क दुर्घटना में उनके कई अंग फ्रैक्चर हो गए थे। वह ऑर्थोपेडिक्स टीम की देखरेख में हैं। उनके कूल्हे और जांघ की हड्डी की सर्जरी हुई है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
इससे पहले 6 मई की सुबह उनकी टीम ने एक आधिकारिक बयान जारी कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि पवनदीप को कई गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें से कुछ फ्रैक्चर की सर्जरी हो चुकी है, जबकि बाकी चोटों का इलाज अगले कुछ दिनों में होगा। उनकी बहन ने भी फैंस से भावुक अपील की है कि वे पवनदीप की तस्वीरें या वीडियो शेयर न करें और उनके जल्द ठीक होने की दुआ करें।
कैसे हुआ हादसा?
पवनदीप राजन 5 मई की सुबह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के पास एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। वह दिल्ली से अहमदाबाद के लिए एक इवेंट में शामिल होने जा रहे थे। उनकी कार गजरौला में हाईवे किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। इस हादसे में उनके चालक राहुल सिंह और साथी अजय मेहरा भी घायल हुए हैं। तीनों को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।