ग्रेनो पहुंची श्रीलंका की टीम, भारतीय टीम ने किया अभ्यास
- व्हील चेयर क्रिकेट टी-20 शृंखला का पहला मुकाबला कल
- श्रीलंका से राष्ट्रपति के साथ एक ही विमान में भारत पहुंची टीम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। 11 से 16 जून तक पांच टी-20 मैचों की शृंखला खेलने के लिए श्रीलंका की व्हील चेयर क्रिकेट टीम रविवार को ग्रेनो पहुंच गई। वहीं, कप्तान सोमजीत के नेतृत्व में भारतीय टीम ने एक बार फिर जमकर अभ्यास किया।
श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे भी पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए श्रीलंकाई व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के साथ एक ही विमान में दिल्ली पहुंचे। श्रीलंका की 15 सदस्यों की टीम दिल्ली से ग्रेनो पहुंची। भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद के तत्वावधान में यह शृंखला खेली जाएगी। श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के कप्तान थुसिथा महिंद्रा ने कहा कि उनकी टीम श्रीलंका में बेहतरीन प्रदर्शन करती रही है। उन्हें उम्मीद है कि भारत में भी उनकी टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी। भारतीय टीम भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में रोचक मुकाबले होने की उम्मीद है। भारतीय टीम में कप्तान सोमजीत सिंह, वीर सिंह, अनमोल वशिष्ठ, साहिल सलीम सैय्यद, सौरभ मलिक, कबीर सिंह, उमेश कौशिक, एनबी हरीश कुमार, जेयान चेल्लप्पन, संतोष सरजेराव, सुरेश एस, सागर बीआर, संदीप, राजा बाबू, रोहित अनोत्रा, सुनील राव और रिजर्व खिलाड़ियों में प्रशांत ठाकुर, भीमा और कुबेर सिंह शामिल हैं। श्रीलंका की टीम में थुसिथा महिंदा (कप्तान, विकेटकीपर) मोहम्मद अली, एल जयतिलक बंदा, योशिता प्रभात, पुष्प कुमार डी सिल्वा, लक्षित हैटी, मदुमाल वन्निनायक, उद्यंग जयतिस, मोहम्मद हामित, मंजुला दिमुत, शांताकुमार, प्रियंत कुमार, कुमार करुणातिलक, वासना परेरा, देशप्रिय विल्मर्थन शामिल हैं।