-स्पॉट राउंड दाखिले के तहत 11 अगस्त तक किया जा सकता है आवेदन
-फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी, चीनी समेत अन्य के लिए आए 560 आवेदन
-इटली व पुर्तगाली भाषा के प्रति छात्रों का रुझान काफी कम
-अगले साल से इन्हें डिप्लोमा स्तर पर शुरू किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग (सीओएल) की ओर से शुरू किए गए आठ विदेशी भाषा कोर्सेज में दाखिले के लिए स्पॉट राउंड शुरु हो गया है। इन आठ विदेशी भाषा सर्टिफिकेट कोर्सेज में स्पॉट राउंड के तहत 11 अगस्त तक आवेदन किया जा सकता है। अब तक इन कोर्सेज में 560 दाखिले हो चुके हैं। प्रशासन अगले साल से इन्हें डिप्लोमा स्तर पर शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग) के ओपन लर्निंग डेवलेपमेंट सेंटर(ओएलडीसी) के तहत सेंटर फॉर इंडियन एंड फॉरेन लैंग्वेज में इस साल पहली बार आठ विदेशी भाषा कोर्सेज को शुरू किया गया है। इनमें चीनी, जापानी, कोरियन, इटेलियन, स्पेनिश, फ्रैंच, जर्मन व पुर्तगाली भाषा शामिल है। यह कोर्सेज डीयू के जरमेनिक एंड रोमांस स्टडीज विभाग व ईस्ट एशियन स्टडीज विभाग से संबद्ध है। डीयू कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि अब तक इन कोर्सेज के लिए 560 छात्रों ने दाखिला लिया है। अब स्पॉट राउंड को खोला गया है। उन्होंने बताया कि फ्रैंच, जर्मन भाषा में ज्यादा दाखिले हुए हैं।
इन दोनों भाषा के लिए दो-दो बैच बनाए गए हैं। जबकि स्पेनिश, जापानी, चीनी, कोरियन भाषा के लिए अभी एक-एक बैच बनाया गया है। इटेलियन और पुर्तगाली भाषा के प्रति छात्रों का रुझान नहीं है। इसमें अभी एक से दो छात्रों ने ही दाखिला लिया है। एक साल के इन सर्टिफिकेट कोर्सेज में बारहवीं पास छात्र भी दाखिला ले सकता है। स्पॉट राउंड पूरा होने से पहले ही अगले सप्ताह से इनकी कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी जो कि शनिवार व रविवार को आयोजित की जाएंगी। मालूम हो कि डीयू की मई में हुई अकादमिक परिषद व कार्यकारी परिषद की बैठक में इन भाषाओं को शुरू करने की मंजूरी दी गई थी। इसके बाद जून के तीसरे सप्ताह से इनके लिए दाखिला प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया था।