तावडू। शहर के बुराका-गवारका कॉलोनी में पचगांव मार्ग पर मंगलवार को पत्थरों से भरा एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने चल रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। डंपर की टक्कर लगने से टेंपो एक तरफ खड़ी कार से जा भिड़ा, इसमें दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कार के पास में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। पत्थरों से भरे डंपर का पुलिस पीछा कर रही थी।
प्रत्यक्षदर्शी विष्णु, कुमार, बिल्लु, गौरव, सचिन आदि ने बताया कि मंगलवार चार बजे के करीब तावडू बाईपास रोड की तरफ से पत्थरों से भरा हुआ एक तेज रफ्तार डंपर पचगांव की ओर जा रहा था, जिसके पीछे पुलिस की गाड़ी लगी हुई थी। जब डंपर कॉलोनी से गुजर रहा था तो उसके सामने एक टेंपो चल रहा था जिसमें भैंस बंधी हुई थी। तेज रफ्तार डंपर ने सामने चल रहे टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी जिससे टेंपो सड़क किनारे एक खड़ी कार से जा टकराया। वहीं कार के पास खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। डंपर की टक्कर लगने से टेंपो और कार क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि टेंपो चालकों कोई चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार डंपर का पुलिस पीछा कर रही थी बुराका-पचगांव मार्ग पर थोड़ी आगे चलने पर डंपर चालक पत्थरों को फेंक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। तो पुलिस भी पहुंच गई। थाना प्रभारी विमल कुमार ने माना कि पत्थरों से भरे डंपर का पुलिस पीछा कर रही थी। जिसमें अन्य वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।