Special drive to remove encroachment and dirt, notices were issued by the municipality
फिरोजपुर झिरका। नगर पालिका की ओर से बुधवार को जेसीबी के माध्यम से गुरुग्राम-अलवर मुख्य मार्ग पर बनी सर्विस लेन से सटी सुलभ शौचालय, आंबेडकर चौक के आसपास, मस्जिद के सामने से अतिक्रमण और गंदगी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा।
काफी लंबे समय से शहर के सुलभ शौचालय, सर्विस लेन पर गंदगी के अंबार और अतिक्रमण को लेकर लगातार उपमंडल अधिकारी नागरिक से लोगों द्वारा शिकायत की जा रही थी। इस पर उपमंडल अधिकारी द्वारा नगरपालिका के अधिकारियों व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सर्विस लेन और सुलभ शौचालय को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आदेश दिए गए थे। नगर पालिका द्वारा बुधवार को जेसीबी के माध्यम से गुरुग्राम-अलवर मुख्य मार्ग पर बनी सर्विस लेन से सटी सुलभ शौचालय, आंबेडकर चौक के आसपास, मस्जिद के सामने से अतिक्रमण और गंदगी हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इससे वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग आनन-फानन में अपने सामान को हटाने लगे।
वहीं, इस बारे में लोगों का कहना है कि फलों की रेहड़ियों को लगाने वाले दुकानदारों के आगे नगर पालिका द्वारा खुदाई भी करा दी गई, ताकि दोबारा अतिक्रमण न किया जा सके। लेकिन, अतिक्रमण हटाओ दस्ते के जाने के तुरंत बाद ही लोग भी कब्जा करने लगते हैं। नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता विक्रांत का कहना है कि शहर के आंबेडकर चौक व सर्विस लेन पर अवैध अतिक्रमण करने वाले लोगों को नगर पालिका द्वारा चेतावनी के साथ नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके अलावा मुनादी भी करा दी गई थी, लेकिन लोग बाज नहीं आ रहे थे।