दो हफ्ते की दाखिला प्रक्रिया में छात्रों के बीच सबसे पॉपुलर कोर्स
बीए प्रोग्राम के लिए अब तक सबसे अधिक 7,881 पंजीकरण हुए
दूसरे नंबर पर राजनीति विज्ञान के लिए अब तक 2,589 पंजीकरण
-चार कटऑफ आधारित कोर्सेज भी पीछे नहीं, अब तक आए 1530 आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए जारी दौड़ में बीए, बीकॉम से आगे निकल गया है। दो सप्ताह की दाखिला प्रक्रिया के दौरान बीए प्रोग्राम छात्रों की पहली पसंद बन रहा है,जबकि राजनीति विज्ञान दूसरे नंबर पर है। एसओएल में उपलब्ध नौ पाठ्यक्रमों में अब तक 16,140 पंजीकरण हो चुके हैं। इनमें से बीए प्रोग्राम के लिए सबसे अधिक 7,781 पंजीकरण हो चुके हैं, जबकि 564 छात्रों ने फीस का भुगतान कर अपना दाखिला पक्का कर लिया है। एसओएल में दाखिला प्रक्रिया 31 जुलाई तक जारी रहेगी।
एसओएल में 14 जून से दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत हुई थी। तब से अब तक के दाखिला ट्रेंड पर नजर डालें तो नए कोर्सेज शुरू होने के कारण इस बार 25 फीसदी ज्यादा आवेदन व दाखिले हो रहे हैं। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि इस बार बीते साल के मुकाबले में ज्यादा आवेदन व दाखिले हो रहे हैं। इसका कारण यह है कि एक तो कुछ नए कोर्सेज शुरू किए गए हैं। वहीं, इस बार संस्थान छात्रों को दाखिला रद्द कराने पर फीस का कुछ हिस्सा काटकर रिफंड करने का भी विकल्प दिया है। इससे छात्र एक बार एसओएल में सीट पक्की कर रहे हैं। जब उसका दाखिला कहीं और हो जाएगा तब वह फीस वापस लेकर वहां दाखिला ले सकते हैं।
प्रो. मागो ने बताया कि राजनीति विज्ञान ऑनर्स ने बीकॉम को पीछे छोड़ दिया है। इस प्रोग्राम के लिए 2,589 पंजीकरण हो चुके हैं, और 410 ने फीस का भुगतान कर दिया है,जबकि बीकॉम प्रोग्राम में दाखिले के लिए अब तक 2,353 पंजीकरण हुए हैं। इनमें से 367 छात्रों ने फीस का भुगतान कर सीट पक्का कर लिया है। इस बार संस्थान ने साइकोलॉजी ऑनर्स को भी शुरु किया है। इस कोर्स के लिए भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। इस कोर्स के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 18 जून से शुरू की गई है, शुरुआत के तीन दिनों में ही इस कोर्स के लिए 150 आवेदन प्राप्त हुए थे। जबकि अब तक 216 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। कहा जा रहा है कि आर्ट्स आधारित कोर्सेज में दाखिले आईएएस की तैयारी करने के लिए ज्यादा लिए जा रहे हैं।
नौ कोर्सेज में अब तक 16,140 आवेदन
एसओएल में उपलब्ध नौ कोर्सेज में अब तक कुल 16,140 पंजीकरण हो चुके हैं जबकि 1811 ने फीस का भुगतान कर दाखिला ले लिया है। छात्रों की पसंद में बीकॉम तीसरे नंबर पर है। इसमें 1493 पंजीकरण हो चुके हैं और 262 ने फीस का भुगतान कर दिया है।
चार कटऑफ आधारित कोर्सेज के लिए 1530 पंजीकरण
एसओएल में बीए प्रोग्राम साइकोलॉजी, बीए प्रोग्राम कंप्यूटर एप्लिकेशन, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस, मास्टर ऑफ लाइब्रेरी साइंस कटऑफ आधारित कोर्सेज हैं। अभी सिर्फ इन कोर्सेज के लिए पंजीकरण प्रक्रिया ही जारी है। दाखिले कटऑफ जारी करने के बाद किए जाएंगे। इन कोर्सेज में बीए प्रोग्राम कंप्यूटर एप्लिकेशन के लिए सबसे अधिक 648 पंजीकरण हुए हैं। उसके बाद मास्टर ऑफ लाइब्रेरी साइंस में 382, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस में 298, व बीए प्रोग्राम साइकोलॉजी में 202 आवेदन किए जा चुके हैं।