नोएडा। थाना फेस-3 क्षेत्र के हिंडन पुस्ता के पास ओम साई कॉलोनी में छह वर्षीय बच्ची के सिर में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। दिल्ली के सफदरजंग ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, जिस वक्त बच्ची के सिर में गोली लगी वो घर में सो रही थी। परिजनों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस ने अपने स्तर पर ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि राज मिस्त्री का काम करने वाला हर नारायण परिवार के साथ ओम साईं कॉलोनी रहता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 27 अप्रैल की रात करीब 9 बजे उनकी 6 साल की बेटी रोली चारपाई पर सो रही थी। हर नारायण व उनकी पत्नी खाना बना रहे थे। तभी टायर फटने की आवाज के साथ ही बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बेटी के पास जाकर देखा तो उसके सिर से खून बह रहा था। उसे उपचार के लिए सेक्टर-30 जिला अस्पताल ले गए, जहां से सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। 30 अप्रैल को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम से गोली लगने का पता चला
बच्ची का पोस्टमार्टम किया गया तो सिर से 315 बोर के कट्टे की गोली निकली। संदेह होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल भी की। फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गोली घर के अंदर ही चली थी। गोली दीवार से टर वापस बच्ची के सिर में लगी है। दीवार पर भी गोली के निशान पाए गए।