अतर्रा (बांदा)। गैस एजेंसी में हिस्सेदार बनाने की बात कहकर आरोपियों ने छह लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित ने जब हिस्सेदारी की बात कही, तब आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस उपमहानिदेशक लखनऊ को पत्र भेजकर मामले की शिकायत की। पुलिस उपमहानिदेशक के निर्देश पर स्थानीय थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
बदौसा थाना क्षेत्र के हड़हामाफी गांव निवासी विनोद कुमार की जान पहचान बिसंडा निवासी प्रेमचंद्र से थी। पीड़ित विनोद का आरोप है कि वह एक मार्च 2016 को घर पर था, तभी बिसंडा निवासी प्रेमचंद्र अपनी पत्नी नीतू व छोटे भाई चुन्नू के साथ आया, और उससे कहा कि पत्नी नीतू के नाम बिसंडा में गैस एजेंसी मिल गई है। तुम उसमे पांच लाख जमाकर हिस्सेदारी ले लो, जिस पर उसने अपने परिजनों से विचार विमर्श करने की बात कही। पिता व अन्य परिजनों से बातचीत की। जिस पर दोनों पक्षों के आपसी समझौते के बाद पिता ने नौ मार्च 2016 को बैंक अकाउंट से तीन लाख 29 हजार रुपये नीतू गैस एजेंसी के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए।
इसके अलावा 20 मई 2016 को 40 हजार बैंक ट्रांसफर व 23 सितंबर 2023 को दो लाख रुपये व चूल्हा खरीदने की बात कहकर एक लाख रुपये लिए। पीड़ित जब भी गैस एजेंसी पहुंचता, तब उसे किसी बहाने से लौटा दिया जाता। इसी बीच आरोपी प्रेमचंद्र राजस्थान में किसी व्यक्ति के खाते से 60 लाख रुपये फर्जी तरीके से निकालने के मामले में जेल चला गया। कई वर्ष बाद जेल से जमानत पर छूट कर आने की जानकारी मिलने पर दो महीने पहले पीड़ित गैस एजेंसी पहुंचा। तब पता चला कि उक्त आरोपी नीतू गैस एजेंसी का संचालन चोरी से नियत स्थान के बजाय बबेरू रोड से कर रहे है।
खोजबीन करने के बाद बीते 13 अगस्त 2023 को संचालित हो रही गैस एजेंसी पहुंचा, और वहां मौजूद प्रेमचंद्र से दिए गए रुपये वापस मांगा। तब आरोपी ने दोबारा रुपये मांगने पर गाली गलौज करते हुए पत्नी से फर्जी मुकदमा में फंसाने की धमकी दी। बिसंडा थाना प्रभारी राममोहन राय ने कहा कि गैस एजेंसी संचालक व उसके पति व देवर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।