नई दिल्ली। देश के 78 लाख पेंशनरों की मांगों को लेकर ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति 4 व 5 अगस्त को जंतर-मंतर पर धरना देगी। शनिवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत ने बताया कि सरकार की तरफ से बार-बार न्यूनतम पेंशन बढ़ाने का आश्वासन देने के बावजूद कोई ठोस कदम न उठाने से पेंशनरों में भारी रोष है।
पिछले वर्षों से बुजुर्ग पेंशनर सड़कों पर हैं लेकिन सरकार जरूरतों की अनदेखी कर रही है। हम भीख नहीं अपना हक मांग रहे हैं। इसमें 7,500 रुपये की न्यूनतम पेंशन, महंगाई भत्ता और मुफ्त चिकित्सा सुविधा शामिल है। वहीं, संगठन के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह राजावत ने दावा किया कि मारे बुजुर्ग साथी भोजन और दवा के बिना मर रहे हैं। इस दौरान समिति के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी राष्ट्रीय सचिव राजीव भटनागर समेत अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद