डुमरियागज क्षेत्र के तेलियाडीह मे आम्बेडकर की मूर्ति खंडित होने की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे
- फोटो : रामकोट में दीपों से जगमगाता गंगासागर तीर्थ व हुई आतिशबाजी।
डुमरियागंज। क्षेत्र के तेलियाडीह गांव में बुधवार को बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस से दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही। वहीं पुलिस का कहना है कि खंडित मूर्ति को सही करवा दिया गया है, स्थिति सामान्य है।
गांव के पूरब स्थित पंचायत भवन के पास ग्रामीणों द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं गौतम बुद्ध की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बुधवार दोपहर करीब 3:00 बजे कुछ ग्रामीण युवकों ने डाॅ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति को खंडित अवस्था में देखा, जिसके बाद घटना की सूचना पूरे गांव में फैल गई और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और दुखद है। बाबा साहब डाॅ. आंबेडकर केवल एक नाम नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रतीक हैं। इस तरह की घटनाएं समाज में नफरत फैलाने की साजिश है, जिन्हें कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की और कहा कि प्रशासन शीघ्र ही नई प्रतिमा स्थापित करेगा। इस संबंध में डुमरियागंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है, मूर्ति की मरम्मत करवा दी गई है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।