ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित शिव नादर विश्वविद्यालय में छात्रा की हत्या कर छात्र के खुदकुशी का प्रकरण में मेसकर्मी, वीडियोग्राफर, अनुज और विवि प्रशासन पर मुकदमा दर्ज होगा। पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से मिलकर परिजनों ने तहरीर देकर की मांग की है। विश्वविद्यालय प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप है।
ग्रेटर नोएडा के दादरी के शिव नादर विश्वविद्यालय में 18 मई को छात्रा नेहा चौरसिया की हत्या कर सहपाठी अनुज के खुदकुशी के मामले में केस दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दे दी गई है। बुधवार को इस मामले में परिजन ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और डीसीपी साद मियां खान से मुलाकात की।
विज्ञापन
दोनों अधिकारियों ने इस मामले में जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया है। परिजन ने तहरीर में सुसाइड वीडियो के आधार पर अनुज, मेस कर्मी, वीडियो ग्राफर और कानपुर के किसी अंशू को नामजद किया है। जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन पर सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है।
कानपुर निवासी नेहा चौरसिया के पिता राजकुमार चौरसिया एवं अन्य परिजन बुधवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे। राजकुमार चौरसिया ने बताया कि उन्होंने इस मामले में सबसे पहले पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात करते हुए तहरीर की कॉपी दी है। तहरीर के मुताबिक अनुज उनकी बेटी को कई दिन से परेशान कर रहा था और अनैतिक कार्य के लिए दबाव बना रहा था। इसकी शिकायत नेहा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विज्ञापन
अनुज ने नेहा की हत्या की, इसका सीसीटीवी फुटेज भी है। अनुज का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें विश्वविद्यालय के कर्मचारी आशुतोष पांडेय, करन और कानपुर के अंशू का भी जिक्र है। इससे यह स्पष्ट है कि नेहा की हत्या साजिश के तहत की गई है। विश्वविद्यालय का प्रभावी कदम नहीं उठाना भी इसका एक कारण है।
पुलिस कमिश्नर के कहने पर राजकुमार चौरसिया ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान से भी मुलाकात की। डीसीपी ने इस मामले में आला अधिकारियों से बात कर व प्रकरण की जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कही। इसके बाद परिजन दोबारा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मिले। परिजन का कहना है कि पुलिस कमिश्नर ने उन्हें ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मामले में लगभग एक सप्ताह बाद पुलिस केस दर्ज कर सकती है और उसके बाद ही हर पहलू पर जांच करेगी।
अमर उजाला ने प्रकाशित किया समाचार
छात्रा नेहा चौरसिया की शिव नादर विश्वविद्यालय में गोली मारकर हत्या की जांच की आंच मेस कर्मी और वीडियोग्राफर तक पहुंचने का समाचार अमर उजाला ने बुधवार को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसी समाचार में नेहा के परिजन द्वारा केस दर्ज कराने का निर्णय लेने और शिव नादर विश्वविद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप का भी जिक्र किया गया। समाचार प्रकाशित होने के बाद परिजन ने स्वयं कानपुर से गौतम बुद्ध नगर पहुंच कर केस दर्ज कराने की मांग की।
छात्रा की हत्या और छात्र के खुदकुशी का मामला
दादरी कोतवाली क्षेत्र के शिव नादर विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को बीए अंतिम वर्ष समाजशास्त्र के छात्र अमरोहा निवासी अनुज कुमार ने अपनी सहपाठी नेहा चौरसिया को कॉल कर बुलाया इसके बाद अनुज ने अवैध पिस्टल से 2 गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी। अनुज ने बॉयज हॉस्टल के एक कमरे में जाकर सुसाइड वीडियो विश्वविद्यालय प्रबंधन और कुछ दोस्तों को ईमेल किया।
इसके बाद खुद को भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में अब तक पुलिस आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर जांच कर रही थी। जबकि विश्वविद्यालय में अवैध तरीके से दिन दहाड़े हुई वारदात को लेकर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे थे।