नूंह। सरकार और प्रशासन किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के भले ही बड़े दावे कर रही है लेकिन असलियत में किसानों की खाद की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। डीएपी खाद के बाद अब जिले में यूरिया खाद की कालाबाजारी बढ़ गई है। इसी कड़ी में नूंह सदर थाना पुलिस ने खंड के गांव उजीना से अवैध रूप न्यूनतम मूल्य से अधिक कीमत पर रात के समय किसानों को खाद बेच रहे राकेश पुत्र हरिसिंह की दुकान से 98 यूरिया के बैग को बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध तरीके से खाद को बेचने सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर है। बता दें कि यूरिया खाद के एक बैग की कीमत 267 रुपये है लेकिन डीएपी की तरह प्राइवेट दुकान संचालक किसानों से इस कीमत से कहीं अधिक पैसा वसूल रहे हैं। उजीना में रविवार को दुकानदार राकेश ने भी किसानों से एक बैग के 350 से 400 तक वसूले। इस बारे में किसानों ने उनसे काफी आग्रह किया लेकिन वह अपनी आदतों से बाज नहीं आया। इसके बाद गुप्त रूप से कुछ लोगों ने इस बारे में नूंह सदर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने रविवार की रात को छापा मारा। इस दौरान आरोपी किसानों को रात के समय ठगी कर अधिक रुपये वसूल रहा था। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मौके पर मौजूद राजस्थान नंबर की गाड़ी से 98 यूरिया के बैग को बरामद कर अपने कब्जे में लिया। मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि जिले में कीमत से कहीं अधिक रुपये में उनको यूरिया खाद खरीदना पड़ रहा है। इस मामले के जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।