नोएडा। पुलिस ने शुक्रवार को धोखाधड़ी के तीन आरोपियों की गुरुग्राम में 18.30 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया। जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाकर बेचने के मामले में तीनों पर धोखाधड़ी कर अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। आरोपियों पर नोएडा व दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के तहत गुरुग्राम निवासी अमन सियाल, विनीत सियाल और अमित सियाल के डीएलएफ में उद्योग विहार स्थित तीन फ्लैटों को जब्त किया गया है। तीनों जेल में हैं। इनके खिलाफ नोएडा के कोतवाली सेक्टर-20 व 39 में रिपोर्ट दर्ज है। तीनों आरोपी जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे अपना बताकर कई लोगों को बेचकर ठगते थे।
पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों का संगठित गिरोह है। इनका मुख्य पेशा जमीन व प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी से अपने नाम कराना है। आरोपी भोले-भाले लोगों को सस्ते दाम में जमीन बेचने और साझेदारी का झांसा देकर ठगते थे। आरोपियों ने करोड़ों रुपये लोगों से ठगे हैं। इनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18.30 करोड़ के तीन फ्लैट जब्त किए हैं।