वेतन नहीं मिलने पर गार्डाें ने बंद किया सोसाइटी का गेट
ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी का मामला, तीन घंटे बाद काम पर लौटे
तीन माह से नहीं मिला वेतन, हड़ताल से निवासियों को झेलनी पड़ी परेशानी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर ग्रेनो वेस्ट की फ्यूजन होम्स सोसाइटी के सुरक्षा कर्मचारी बृहस्पतिवार सुबह हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियाें ने कुछ देर के लिए सोसाइटी का मुख्य गेट बंद कर दिया। इससे निवासियों को परेशानी झेलनी पड़ी। सुरक्षा कर्मचारियाें का आरोप है कि वेतन नहीं मिलने से घर चलाना मुश्किल हो गया। करीब तीन घंटे बाद बिल्डर ने जल्द वेतन देने का आश्वासन देकर हड़ताल खत्म कराई।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में करीब 50 गार्ड अलग-अलग शिफ्ट में काम करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे शिफ्ट बदलने के समय सुरक्षाकर्मियों ने काम बंद कर दिया। गेट पर प्रवेश के दौरान किसी से पूछताछ नहीं की और रजिस्ट्र में प्रवेश दर्ज भी नही किया, लोग बिना रोकटोक अंदर आने लगे। बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सुरक्षाकर्मियों ने कुछ देर के लिए सोसाइटी का मुख्य गेट बंद कर दिया। सुरक्षा कर्मचारियाें का आरोप है कि होली पर भी वेतन की मांग की थी, तब भी बिल्डर ने आश्वासन दिया है।
-
एओए को रखरखाव नहीं दे रहा बिल्डर
अपार्टमेंट ओनर्स एसाेसिएशन (एओए) के अध्यक्ष अशोक गुप्ता का कहना है कि पिछले वर्ष एओए का गठन हो चुका है, लेकिन अब तक बिल्डर ने रखरखाव की जिम्मेदारी नहीं दी है। प्राधिकरण दो बार बिल्डर को नोटिस भी जारी कर चुका है। साथ ही सब रजिस्ट्रार मेरठ और हाईकोर्ट से हैंडओवर के निर्देश मिल चुक हैं। 27 मार्च को बिल्डर ने एक अप्रैल से एओए को हैंडओवर देने का ई-मेल किया, लेकिन बाद में मामले काे टाल दिया। आरोप है कि बिल्डर आवश्यक सुविधाएं भी नहीं दे रहा है।