बाहर बताया सांपों के जहर का कारोबारी, कोर्ट में नहीं दे पाई सबूत
- पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा-27 व 27ए लगाने की कोर्ट में थी अर्जी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। यू- ट्यूबर और बिग बॉस विजेता एल्विश यादव को पुलिस ने कोर्ट में रेव पार्टी में सांपों के जहर सप्लाई करने के साथ साथ जहर का कारोबारी बताया था। हालांकि कोर्ट में पुलिस इससे जुड़ा सबूत नहीं दे पाई। जिससे एल्विश को राहत मिल गई। इसके साथ ही सूरजपुर कोर्ट से उसे जमानत दे दी। पुलिस ने एल्विश यादव पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 27 व 27ए भी लगाई थी। पुलिस के तमाम तर्कों के बाद कोर्ट ने इन दो धाराओं को नहीं माना।
तीरन नवंबर 2023 को जब पीएफए की तरफ से एल्विश यादव समेत अन्य पर जब मुकदमा दर्ज किया गया था तब वन्य जीव अधिनियम और आईपीसी की धारा 120बी एफआईआर में थी। जांच के बाद सांपों के जहर सप्लाई करने व विष का कारोबार करने के आरोप में एल्विश के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कई धाराएं बढ़ा दी थीं। इनमें एनडीपीएस 8/20/27/ 27ए/29/30/32 शामिल थी। जब कोर्ट में मामला पहुंचा तब पुलिस की तर्क को सही माना और सबूतों को भी 27 व 27ए के मुताबिक नहीं माना। एल्विश के वकील प्रशांत राठी के मुताबिक पुलिस ने कोर्ट में एनडीपीएस की धारा 8/20/27/ 27ए/29/30/32 बढ़ाने के लिए अर्जी दी थी लेकिन कोर्ट 27 व 27ए से सहमत नहीं हुई। इसके बाद एल्विश को जमानत मिल गई।
क्या है पूरा मामला
एल्विश समेत छह लोगों पर 3 नवंबर 2023 को सेक्टर-49 कोतवाली में पीपुल्स फॉर एनिमल संस्था ने सांपों के जहर सप्लाई करने के मामले में केस दर्ज कराया था। इस मामले में पहले चार संपेरों समेत पांच आरोपियों को पुलिस ने चार नवंबर को गिरफ्तार किया था। एल्विश से भी एक बार पूछताछ की गई थी। संपेरों के पास से बरामद 20 एमएम विष की प्रयोगशाला में जांच की गई तब इसकी रिपोर्ट पाॅजिटिव आई थी। जिसके बाद 17 मार्च को एल्विश को गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले में उसके दो सहयोगियों ईश्वर और विनय को भी गिरफ्तार किया गया।
एल्विश ने एक्स पर दिया धन्यवाद
कोर्ट से जमानत मिलने के बाद एल्विश ने शुक्रवार शाम को एक्स पर सभी लोगों का धन्यवाद किया। यू-ट्यूबर ने एक्स पर लिखा धन्यवाद सभी का जिन्होंने मेरे लिए प्रार्थना की। मैं ठीक हूं। स्वस्थ हूं। इसके बाद एक्स पर एक और पोस्ट करते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों को आहुति देने वाले भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव को याद कर उन्हें नमन किया।